जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए एक बड़ा प्रशासनिक...
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है. भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी बद्रीनारायण मीणा ने बुधवार को औपचारिक रूप से बस्तर रेंज के नए पुलिस महानिरीक्षक के रूप में अपना पदभार संभाल लिया है.
जगदलपुर स्थित आईजी कार्यालय में आयोजित एक गरिमामयी समारोह के दौरान उन्होंने यह नई जिम्मेदारी स्वीकार की.
इस अवसर पर निवर्तमान आईजी सुंदरराज पी. ने नए पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीणा का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें बस्तर में एक सफल तथा सुरक्षित कार्यकाल के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं. पदभार ग्रहण के इस कार्यक्रम में बस्तर के पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित संभाग के कई अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे.
सुंदरराज पी. ने उम्मीद जताई कि जिस प्रकार उनके कार्यकाल के दौरान पुलिस बल ने पूरी मुस्तैदी और टीम भावना के साथ काम किया, वैसा ही अटूट सहयोग नए आईजी को भी मिलता रहेगा.
अपनी नई पारी की शुरुआत करते हुए नवपदस्थ आईजी बद्रीनारायण मीणा ने बस्तर में शांति, सुरक्षा और जनविश्वास को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प जताया. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्थाई शांति और समावेशी विकास के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पुलिस, नागरिक प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल बिठाया जाएगा.
उन्होंने स्पष्ट किया कि पिछले वर्षों में क्षेत्र में हुए सकारात्मक कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा और सभी पक्षों के साथ मजबूत समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया जाएगा.
दूसरी ओर, बस्तर में एक लंबा और प्रभावी कार्यकाल पूरा करने के बाद सुंदरराज पी. अब केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं, जहां उन्हें राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) में पुलिस महानिरीक्षक के तौर पर एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय जिम्मेदारी सौंपी गई है.
विदाई के अवसर पर सुंदरराज पी. ने भावुक होते हुए शासन, पुलिस मुख्यालय, स्थानीय जनता, सुरक्षा बलों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बस्तर में मिली हर कामयाबी सामूहिक प्रयासों और बेहतर आपसी तालमेल का ही नतीजा है.
इसके साथ ही उन्होंने वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ लड़ाई में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों, स्थानीय नागरिकों और मीडिया कर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की. उन्होंने विशेष रूप से 'मिशन-2026' की सफलता में सभी हितधारकों के योगदान को रेखांकित किया और भरोसा जताया कि नए नेतृत्व में बस्तर स्थाई शांति की राह पर और तेजी से आगे बढ़ेगा.
.jpg)

No comments